निवाई (लालचंद माली): गांव वजीराबाद में बीसलपुर पेयजल योजना के तहत निर्मित पानी की टंकी का निर्माण हुए करीब डेढ़ वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक उससे पेयजल सप्लाई शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल योजना शुरू नहीं होने से वजीराबाद व खलीलाबाद गांवों में जल संकट लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों रमेशचंद शर्मा, राकेश बुरी, पूर्व सीआर रामेश्वर मीणा, पोखर बूरी, प्रहलाद मीणा, मुकेश गुर्जर, रामप्रसाद बाज्या, हरिराम गुर्जर व केदारनारायण बुरी सहित अन्य लोगों ने बताया कि वजीराबाद गांव में बीसलपुर पेयजल योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्य काफी पहले पूरा हो चुका है। साथ ही टंकी को पराना गांव तक जोड़ने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि वजीराबाद एवं खलीलाबाद गांवों में घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाकर कनेक्शन भी दे दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक योजना से पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई है। वर्तमान में दोनों गांवों को पानी सप्लाई के लिए नाटवाड़ा गांव की पेयजल योजना से जोड़ रखा गया है, जिससे पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर टीना डाबी को पत्र भेजकर जल्द से जल्द वजीराबाद की नवीन पेयजल टंकी से पानी की सप्लाई शुरू करवाने की मांग की है, ताकि गांववासियों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
*डेढ़ साल बाद भी सूखी पड़ी पेयजल टंकी, बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण
By -
June 21, 2026
0
Tags: