नगर परिषद में उबाल: स्वास्थ्य निरीक्षक से मारपीट के विरोध में कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

AYUSH ANTIMA
By -
0


भिवाड़ी (संदीप भारद्वाज): नगर परिषद भिवाड़ी में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीनियर मैनेजर सॉलिड वेस्ट) दिनेश कुमार मीणा से कथित मारपीट के मामले ने शनिवार को बड़ा आंदोलन का रूप ले लिया। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नगर परिषद आयुक्त सहित अधिकारी और कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पूरा विवाद कचरा डंपिंग को लेकर शुरू हुआ था। शिकायत के अनुसार, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने कथित अनियमितताओं को रोकने का प्रयास किया, तभी ऑटो टिपर चालक कुलदीप दायमा, देवेंद्र भिड़ूड़ी, सतीश चावड़ा, दिवेश दायमा, लीलू बैंसला सहित अन्य लोगों ने उनके साथ हाथापाई, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धाराओ सहित एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। धरनास्थल पर भिवाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे और कर्मचारियों से वार्ता कर धरना समाप्त करने की समझाइश देते रहे, लेकिन कर्मचारियों ने गिरफ्तारी से पहले आंदोलन समाप्त करने से इनकार कर दिया। अब यह मामला केवल मारपीट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि नगर परिषद की सुरक्षा व्यवस्था, सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा और पुलिस की कार्रवाई की गति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पूरे शहर की निगाहें अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!