कोटकासिम (जयबीर सिंह): राजस्थान सरकार के "आपकी सरकार आपके द्वार" अभियान के तहत ग्राम पंचायत कतोपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया। भाजपा मंडल कोटकासिम अध्यक्ष यशपाल शर्मा उर्फ सोलू ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने शिविर में उपस्थित लोगों से रूबरू होते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से मिले तथा उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही किया जाए। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी आमजन को योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रामनिवास यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष यशपाल शर्मा (सोलू), विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।