खैरथल-तिजारा (जयबीर सिंह): आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता और एकता के प्रतीक हैं तथा सभी नागरिकों को अफवाहों से दूर रहकर मिल-जुलकर त्योहार मनाने चाहिए। उन्होंने गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को बनाए रखने पर भी जोर दिया। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना को साझा न करने तथा एआई से तैयार किए गए भ्रामक कंटेंट से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस एवं प्रशासन को दें। बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में मनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अतिरिक्त अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग रतनलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खैरथल-तिजारा में शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील
By -
June 25, 2026
0
Tags: