निवाई (लालचंद माली): ग्राम मंडालिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में विद्यालय की खिड़कियों के कांच, लाइट होल्डर, कुर्सियां तथा पानी की टंकियों की टूटियां तोड़ दी गई, जिससे विद्यालय को करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार इस तोड़फोड़ की घटना का खुलासा 21 जून को उस समय हुआ, जब ग्रामीण विद्यालय परिसर में योग दिवस कार्यक्रम मनाने पहुंचे। विद्यालय की हालत देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय जैसी शैक्षणिक संस्था में इस प्रकार की घटना न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली है, बल्कि विद्यार्थियों के हितों के साथ भी खिलवाड़ है। ग्रामीण शंकर लाल गुर्जर (अध्यक्ष), पूर्व सरपंच रमेशचंद्र गुर्जर, रामेश्वर खटाणा एवं हरफूल गुर्जर ने बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने मांग की कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं।
विद्यालय में असामाजिक तत्वों का तांडव, लाखों की संपत्ति को पहुंचाया नुकसान
By -
June 23, 2026
0
Tags: