स्वच्छता अभियान की खुली पोल: मुख्य मार्ग बना कीचड़ का तालाब, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): हरभांवता गांव के मुख्य मार्ग पर कीचड़ और गंदा पानी जमा होने से ग्रामीणों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि यह स्थिति केंद्र व राज्य सरकार के स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है। वहीं सफाई व्यवस्था के नाम पर पंचायत प्रशासन द्वारा लाखों रुपये के टेंडर जारी होने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि हरभांवता से लुहारा जाने वाले इस मुख्य रास्ते पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लंबे समय से कीचड़युक्त पानी भरा रहता है। इससे सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन की परेशानी लगातार बढ़ रही है। विडंबना यह है कि दीवारों पर स्वच्छता अभियान के संदेश लिखे हुए हैं, लेकिन उन्हीं के आसपास गंदा पानी जमा होने से स्वच्छता के दावों की वास्तविकता सामने आ रही है।
शिवराज लांगडी, सीताराम लांगडी, देवराज गुर्जर, आशाराम लांगडी और कालूराम गुर्जर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर भरे कीचड़युक्त पानी के कारण वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे कई वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो चुके हैं। इतना ही नहीं, स्कूल जाने वाले बच्चे भी इस मार्ग से गुजरते हैं और कई बार फिसलकर घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने सड़क पर जमा गंदे पानी की निकासी करवाकर सड़क को दुरुस्त करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को पत्र भेजा है तथा समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पंचायतराज मंत्री मदन दिलावर स्वच्छता अभियान को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गांवों में स्वच्छता अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!