निवाई (लालचंद माली): किसान महापंचायत के तत्वावधान में ईआरसीपी सिंचाई परियोजना को लेकर ईसरदा बांध का पानी निवाई क्षेत्र को नहरी तंत्र से जोड़ने की मांग को लेकर चलाए गए पांच दिवसीय जल यात्रा कार्यक्रम का समापन समारोह पूर्वक किया गया। जिसमें कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने कहा कि प्रशासन द्वारा निवाई क्षेत्र को अति शीघ्र नहरी तंत्र से जोड़ने का प्रस्ताव नहीं भेजा गया तो सभी गांवों के किसानो द्वारा बड़ा आंदोलन करते हुए विधानसभा का घेराव किया जाएगा। ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह पलेई ने बताया कि ईसरदा बांध का पानी निवाई क्षेत्र को नहरी तंत्र से जोड़ने की मांग को लेकर पांच दिवसीय जल यात्रा का आयोजन किया गया। जिसको लेकर 27 मई से ग्राम पंचायत पहाड़ी के गांवों में किसानों को जागरूक किया गया। किसान जल यात्रा 52 ग्राम पंचायतों का दौरा करते हुए जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं एवं रात्रि चौपाल के माध्यम से किसानों से चर्चा की गई। ग्राम सभाओं से किसानों में जन जागृति पैदा हुई है। किसानों ने जगह-जगह किसान महापंचायत का स्वागत किया गया है। किसानों ने संकल्प लिया कि जब तक नहर नहीं आएगी तब तक लगातार संघर्ष करते रहेंगे। जल यात्रा के समापन समारोह में कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कच्ची घोड़ी नृत्य व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल यात्रा का संदेश दिया गया, जिसमें सैकड़ो महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रोहतास बोहरा, राष्ट्रीय महासचिव अकबर खान, प्रदेश अध्यक्ष मुसद्दी लाल यादव, प्रदेश मंत्री बत्तीलाल बैरवा, युवा प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद चौधरी, गोपीलाल डबास, जिलाध्यक्ष गोपीलाल, उपाध्यक्ष सीताराम खादवाल, राधेश्याम गोहरपुरा, ब्लॉक कोषाध्यक्ष मोहन लाल चौधरी, महामंत्री शंकर लाल मीणा, महासचिव गोविंद चौधरी, सचिव गणेश नारायण मीणा, नवल सिंह राजावत, राजाराम चौधरी, सूरज नारायण जाट, लक्ष्मण मीणा, खेमराज मीणा व शिवजीराम सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
3/related/default