जयपुर: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा वरिष्ठ संगठनकर्ता एवं उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किए जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अजेय कुमार का संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण तथा कुशल नेतृत्व राजस्थान भाजपा संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी राजस्थान संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा संगठन विस्तार और जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार के संगठनात्मक अनुभव और कुशल नेतृत्व में प्रदेश संगठन और अधिक सशक्त होगा। राजनीतिक एवं संगठनात्मक क्षेत्रों में अजेय कुमार को एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में वर्ष 1997 में श्रीनगर गढ़वाल से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले अजेय कुमार ने संघ और भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। श्रीनगर, हरिद्वार एवं हल्द्वानी में नगर प्रचारक, ऊधमसिंह नगर में जिला प्रचारक तथा अल्मोड़ा विभाग के विभाग प्रचारक के रूप में कार्य करने के बाद उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद एवं बिजनौर विभाग के विभाग प्रचारक के रूप में भी संगठन को मजबूत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि इसके उपरांत उन्होंने मेरठ प्रांत के प्रांत बौद्धिक शिक्षण प्रमुख के रूप में कार्यकर्ताओं का वैचारिक मार्गदर्शन किया। वर्ष 2018 में उन्हें भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया। वर्ष 2019 से अब तक वे उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। उत्तराखंड में उनके कार्यकाल के दौरान भाजपा संगठन ने अनुशासन, विस्तार, कार्यकर्ता संवाद, सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा राष्ट्रीय अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करने में उनकी भूमिका को व्यापक सराहना मिली। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रदेश महामंत्री संगठन की नियुक्ति पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्थान जैसे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रदेश में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार की नियुक्ति उनके संगठनात्मक कौशल, प्रभावी नेतृत्व क्षमता और परिणाम देने वाली कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। यह निर्णय भाजपा नेतृत्व के उस विश्वास को भी दर्शाता है कि अनुभवी एवं सक्षम संगठनकर्ता ही संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान कर सकते हैं। भाजपा परिवार ने विश्वास👆 व्यक्त किया है कि अजेय कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राजस्थान भाजपा संगठन और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं जनोन्मुखी बनेगा। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि आपके सफल, यशस्वी एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल हेतु हार्दिक मंगलकामनाएं! आपके व्यापक संगठनात्मक अनुभव, कार्यकुशलता एवं समर्पित नेतृत्व में प्रदेश संगठन और अधिक सशक्त होगा। इसके साथ ही भाजपा की विचारधारा, संगठन विस्तार और जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, नाहर सिंह जोधा, ज्योति मिर्धा, अल्का मूंदडा, सरिता गेना, बिहारी लाल विश्नोई, छगन माहुर, हकरू भाई मईडा, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल, मिथिलेश गौतम सहित प्रदेश पदाधिकारियों तथा प्रदेश कार्यकर्ताओं ने संगठन महामंत्री की नियुक्त पर हर्ष व्यक्त किया।
अनुभव, अनुशासन और संगठन क्षमता का सम्मान, अजेय कुमार जी के नेतृत्व में राजस्थान में संगठन को मिलेगी नई गति: मदन राठौड़
By -
June 01, 2026
0
Tags: