कोटपूतली (ईशाक खान): जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी), पंचायती राज, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिला कलक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत एवं प्रगतिरत परियोजनाओं तथा फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने हर घर जल प्रमाणीकरण अभियान को गति प्रदान करने तथा पूर्ण हो चुकी जल योजनाओं का पंचायत राज विभाग एवं ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों के माध्यम से सत्यापन सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही एफएचटीसी सत्यापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए जिला कलक्टर ने पेयजल प्रबंधन व्यवस्थाओं की विशेष समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न ना होने पाए तथा आमजन को निर्बाध, सुचारू एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए समर कंटीजेंसी प्लान के तहत सभी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखते हुए पेयजल परिवहन, टैंकर संचालन, ट्यूबवेल एवं हैंडपंप मरम्मत तथा नए निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा संवेदनशील एवं जल संकट प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग कर आवश्यकतानुसार तत्काल वैकल्पिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में जल सेवा आंकलन, प्रशासन एवं ग्राम पंचायतों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए जल जीवन मिशन पोर्टल पर सभी आंकड़ों का नियमित एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में जिला तकनीकी इकाई के गठन एवं उसकी भूमिका को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सोर्स सस्टेनेबिलिटी प्लान के अंतर्गत जल स्रोतों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर विकसित करने हेतु पंचायती राज एवं वाटरशेड विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया गया। बैठक में स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में नल द्वारा जल सुविधा तथा शौचालय सुविधाओं की उपलब्धता एवं प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘नल जल मित्र’ तथा रिकॉग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग (आरपीएल) के लिए नामों के चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समुदाय की भागीदारी बढ़ाकर जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता पीएचईडी एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्य सचिव रामनिवास यादव ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी दी तथा अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा में कार्यों को गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने का आह्वान किया। बैठक में एसीईओ जगदीश प्रसाद, आयुक्त नगर परिषद कोटपूतली अरुण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की मासिक बैठक आयोजित, योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर
By -
June 09, 2026
0
Tags: