सूरौठ/करौली (मोहन पाठक): कस्बे में उदासी के बाग के पास सैनी माली समाज की ओर से दो दिवसीय पद गायन दंगल शुक्रवार को समारोह पूर्वक शुरू हुआ। कार्यक्रम में सैनी समाज के वरिष्ठ पटेल एवं भामाशाह शिवचरण सैनी ने महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर एवं फीता काट कर पद गायन दंगल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर काफी संख्या में सैनी समाज के पंच पटेल एवं कस्बे के लोग मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम में अलवर जिले के भूडा से आए गायक कलाकार दिनेश सैनी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से भवानी माता की पूजा अर्चना की तथा मां भवानी को पद दंगल में आने के लिए आमंत्रित किया। भामाशाह शिवचरण सैनी ने 11000 रूपए की राशि आयोजन कमेटी को भेंट की। महात्मा ज्योतिबा फुले सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित पद गायन दंगल में गिर्राज सैनी हिंडौन, दिनेश सैनी भूडा (अलवर), राम खिलाड़ी सैनी बसवा, जगन सैनी नंदेश आदि गायक कलाकारों ने विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर रचनाएं प्रस्तुत की। उद्घाटन कार्यक्रम में सैनी समाज के लोगों ने मुख्य अतिथि शिवचरण सैनी का साफे व मालाएं पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक हरिमोहन पुष्पद एवं देवी सिंह सैनी ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम में सभापति देव फूल सैनी, रामचरण सैनी, झम्मन मेंबर, श्योदान सैनी, श्याम सुंदर सैनी, रतन सैनी, राम खिलाड़ी मेंबर, शेर सिंह सैनी सहित काफी संख्या में सैनी समाज के पंच पटेल विशेष रूप से मौजूद रहे। रचनाओं को सुनने के लिए पांडाल में काफी भीड़ मौजूद रही। पद दंगल में रचनाओं को सुन कर श्रोता मंत्र मुग्ध हो गए। आयोजन कमेटी के सदस्यों ने बताया कि पद गायन दंगल का 6 जून की शाम को समापन होगा।
सूरौठ में पद गायन दंगल शुरू, गायक कलाकारों ने धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर प्रस्तुत की रचनाएं
By -
June 05, 2026
0
Tags: