निवाई (लालचंद माली): गांव वजीराबाद खेड़ा स्थित श्री सीताराम जी मंदिर के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारंभ धार्मिक आस्था और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। वार्षिकोत्सव के अवसर पर रामधुनी के साथ भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण के बीच राम नाम की गूंज सुनाई दी। मंदिर के पुजारी रमेशचंद शर्मा ने बताया कि वार्षिकोत्सव के तहत मंदिर परिसर में रामधुनी का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के कई गांवों से आए रामधुनी मंडलों के सदस्यों ने भाग लिया। सुबह 8 बजे आरती के बाद ठाकुर जी की अलौकिक झांकी सजाकर नगर परिक्रमा का शुभारंभ किया गया। नगर परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु "हरे रामा-हरे कृष्णा", "मने रामधुनी में जाबा द" और "राम झकोलो लेबाद" जैसे भजनों व संकीर्तन की धुनों पर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। रामधुनी की मधुर ध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। वार्षिकोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। इस दो दिवसीय आयोजन में कुंडली, निमेड़ा, नील का अरण्या, बासेड़ा, लवास्या, हमीरपुरा, बनवाड़ा, हथौना, सिरस, बरोनी, ममाणा, खलीलाबाद, पराना और जानका सहित अनेक गांवों के रामधुनी मंडलों के सदस्यों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।
राम नाम की धुन से गूंजा वजीराबाद खेड़ा, श्री सीताराम मंदिर वार्षिकोत्सव का भव्य आगाज
By -
June 27, 2026
0
Tags: