हर ग्राम पंचायत में बनेंगे 5 ‘वृक्ष मित्र’, दो महिला सदस्यों की भागीदारी होगी अनिवार्य

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): राजस्थान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार एवं वन विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक राजस्थान, जयपुर द्वारा आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत वन मण्डल क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पांच-पांच ‘वृक्ष मित्रों’ का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस योजना की विशेष बात यह है कि महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंजीकृत किए जाने वाले पांच वृक्ष मित्रों में से दो महिला वृक्ष मित्रों का होना अनिवार्य रखा गया है। उप वन संरक्षक वीरेन्द्र कृष्णिया ने इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी, वन प्रसार अधिकारी एवं बीसलपुर कंजर्वेशन रिजर्व को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान की पालना पूरी गंभीरता के साथ सुनिश्चित की जाए तथा आगामी सात दिनों के भीतर पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण कर विस्तृत रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत की जाए। आदेशों की अनुपालना में रेंजर धारीलाल बैरवा ने विभागीय स्तर पर वृक्ष मित्रों के चयन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में सक्रिय एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक लोगों, विशेष रूप से महिलाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि वे अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण एवं पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा सकें। रेंजर बैरवा ने बताया कि निर्धारित सात दिनों की समयावधि में बीसलपुर कंजर्वेशन रिजर्व एवं निवाई क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में वृक्ष मित्रों का पंजीकरण पूर्ण कर उच्चाधिकारियों को अंतिम रिपोर्ट भेज दी जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!