पावटा (राहुल शर्मा): कोटपूतली-बहरोड़ जिले में शनिवार, 20 जून को वीआईपी मूवमेंट के चलते प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली जिले के अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
*दोपहर 3:30 बजे पावटा पहुंचेंगे राज्यपाल*
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े दोपहर 3:30 बजे पावटा के ग्राम सुजात नगर पहुंचेंगे। यहां वे नट समाज उत्थान सेवा समिति के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और समाज के लोगों से संवाद करेंगे।
*सुबह 10 बजे बानसूर में जूली का कार्यक्रम*
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सुबह 10 बजे बानसूर के अंबेडकर भवन में आयोजित मेघवाल समाज प्रतिभा सम्मान समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
*चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था*
दोनों वीआईपी दौरों को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन भी किया जा सकता है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।