निवाई (लालचंद माली): राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित आसाराम गौशाला के समीप शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कहर बरपाते हुए बाइक और कार को अपनी चपेट में ले लिया। दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार मां और उसके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया।
थानाधिकारी घासीराम मीणा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे दयावती (36) पत्नी संजय खींची और उनका 2 वर्षीय पुत्र मितांश निवासी उनियारा बाइक पर सवार होकर निवाई से टोंक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आसाराम गौशाला के पास जयपुर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दयावती और उनके मासूम पुत्र मितांश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे संजय खींची गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद भी वाहन चालक ने नियंत्रण नहीं पाया और आगे चल रही एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार गुणमाला पत्नी रमेश जैन एवं अलाया पुत्री सौरभ जैन निवासी शास्त्री नगर, टोंक गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतका दयावती और उनके पुत्र मितांश के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मां-बेटे के शव उनियारा पहुंचते ही पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।