साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों, नीट परीक्षा की व्यवस्थाओं, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा जिले में संचालित ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर डॉ.गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। बैठक में नीट परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों एवं परिवेदनाओं का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाते हुए आमजन को राहत प्रदान की जाए। साथ ही विभागवार लंबित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में जिले में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रकरणों का मौके पर ही समाधान करने तथा अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
डॉ. गर्ग ने कहा कि सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम हैं और इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन को लोगों के द्वार तक पहुंचाकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविरों को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!