कोटपुतली (इशाक खान): राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर आकाशवाणी कोटपुतली के लोकप्रिय कार्यक्रम "कोटपुतली डायरी" के अंतर्गत मंगलवार को आकाशवाणी स्टूडियो में "चिकित्सकों की सुरक्षा: समाज की जिम्मेदारी" विषय पर विशेष परिचर्चा की रिकॉर्डिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम का प्रसारण 1 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे आकाशवाणी कोटपुतली से किया जाएगा। परिचर्चा में विनायक अस्पताल के फिजिशियन डॉ.सुमेर सिंह गुर्जर, जिला अस्पताल कोटपुतली के डॉ.मनोज यादव तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ.सीना मीना ने नेशनल डॉक्टर्स डे, 2026 की थीम "Behind the Mask: Who Heals the Healers" के विभिन्न आयामों पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कहा कि डॉक्टर केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से लेकर सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं तक समाज के प्रति निरंतर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सम्मान, मानसिक स्वास्थ्य, गरिमापूर्ण कार्य वातावरण तथा समाज का सहयोग सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है, जब उपचार करने वाले स्वयं सुरक्षित, सम्मानित और मानसिक रूप से सशक्त हों। परिचर्चा का संचालन कार्यक्रम उद्घोषक विकास वर्मा ने किया। कार्यक्रम प्रमुख दिनेश पटवा ने बताया कि राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष परिचर्चा का उद्देश्य चिकित्सकों के अमूल्य योगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में उनके प्रति सम्मान और विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा केवल स्वास्थ्य व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और जिम्मेदार समाज की पहचान भी है। परिचर्चा के दौरान वरिष्ठ तकनीशियन मनोहर मीणा, आरजे मानसी जिंदल, आरजे मानवी बंसल, वीरेंद्र सिंह, सचिन कैलोडिया एवं दीपक वाल्मीक भी उपस्थित रहे।
3/related/default