निवाई (लालचंद माली): राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशोंनुसार परमार्थ सेवा संस्थान वृद्धाश्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में वरिष्ठ नागरिक दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर विधिक जागरूकता एवं कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें वृद्धजनों के स्वास्थ्य की निःशुल्क स्वास्थ्य जांचे की गई। प्राधिकरण के सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया ने वृद्धजनों से संवाद कर नालसा वरिष्ठ नागरिक योजना 2016 हेल्पलाइन नंबर एवं भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 की जानकारी साझा की, जिसमें वृद्धजनों को मिलने वाली विधिक सहायता, देखरेख एवं भरण-पोषण के अधिकार व उनके विरुद्ध हो रहे किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार के विरुद्ध उपलब्ध उपायों की जानकारी दी। उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की व्यक्तिगत समस्याओं को भी सुना और उनके समाधान हेतु संबंधित विभागों से समन्वय को निर्देशित किया। कार्यक्रम के तहत मेडिकल ऑफिसर डॉ.ओमनारायण मीना एवं नर्सिंग अधिकारी श्योजीलाल यादव द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच, ब्लड प्रेशर एव मधुमेह की जांच की गई एवं दवाओं का वितरण किया गया। वृद्धजनों को योग के लिए प्रेरित किया गया एवं योगा ट्रेनर व अधिवक्ता बुद्धराम चैधरी द्वारा वृद्धजनों को प्राणायाम एवं योगाभ्यास करवाया गया। वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि समाज और व्यवस्था उनके अधिकारों के प्रति जागरूक है और उनके जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया द्वारा परमार्थ सेवा संस्थान वृद्धाश्रम के व्यवस्थापक श्याम सुन्दर स्वामी व उनकी टीम द्वारा की जा रही निःस्वार्थ सेवा को सराहा एवं किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक द्वारा पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया। इस दौरान योगेश शैक्षिक पुर्नवास एवं शोध संस्थान से डाॅ.सीताराम स्वामी एवं डीएलएसए कार्मिक मौजूद थेे।
3/related/default