जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): इंडियन सोसायटी फॉर ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट (ISTD), जयपुर चैप्टर की वार्षिक आम सभा का आयोजन 20 जून 2026 को राजस्थान कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, जयपुर के मंथन हॉल में किया गया। बैठक में सदस्यों ने भौतिक एवं वर्चुअल दोनों माध्यमों से सहभागिता की। बैठक के दौरान सदस्यों ने सर्वसम्मति से वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट एवं ऑडिटेड वित्तीय विवरणों को अनुमोदित किया। साथ ही सदस्य सहभागिता को सशक्त बनाने, उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने, व्यावसायिक विकास तथा संगठनात्मक विस्तार से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।इस अवसर पर वर्ष 2024-26 की निवर्तमान कार्यकारिणी को उनके समर्पित योगदान के लिए सम्मानित किया गया तथा औपचारिक रूप से नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को दायित्व सौंपे गए। वर्ष 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी में डॉ.राजेश मेठी को अध्यक्ष, डॉ.वंदना चौधरी को उपाध्यक्ष, श्रीमती किरण चतुर्वेदी को मानद सचिव एवं सीए सुशील कुमार जालान को मानद कोषाध्यक्ष चुना गया। प्रबंधन समिति के नव-निर्वाचित सदस्यों में डॉ.सविता चौधरी, सचिन खंडेलवाल, सुश्री शालू पंवार एवं डॉ.मधुबाला कौशिक शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय परिषद सदस्य के रूप में प्रो.अमित जैन, डॉ.उमेश गुप्ता, प्रो.अनिल मेहता एवं रामकेश मीणा का चयन किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रो.राजेश मेठी ने "RISE" थीम के अंतर्गत चैप्टर की भावी कार्ययोजना साझा की और घोषणा की कि अब जयपुर चैप्टर की सभी आगामी बैठकें हाइब्रिड मोड में आयोजित की जाएंगी, जिससे राजस्थान भर के सदस्य अधिक प्रभावी रूप से जुड़ सकेंगे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान एवं सौहार्द भोज के साथ हुआ।
3/related/default