सूरौठ/करौली: कस्बे में होकर गुजर रहे भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे सडक ने यहां फिजीकल कॉलेज एवं पुलिस थाने के पास मेगा तालाब का रूप ले लिया है। आरएसआरडीसी के अधिकारियों की ओर से जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण सड़क पर गंदा पानी जमा हो रहा है, जहां आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्टेट मेगा हाईवे पर जलभराव की समस्या से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया तथा आरएसआरडीसी के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मेगा हाईवे सड़क को दुरुस्त कर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सर्व समाज की पंचायत आयोजित कर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा फाउंडेशन के प्रदेश सचिव प्रमोद तिवाड़ी सहित काफी लोगों ने बताया कि आरएसआरडीसी के अधिकारियों ने सूरौठ कस्बे के आबादी क्षेत्र में भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे के दोनों ओर आधी अधूरी नालियों का निर्माण तो करवा दिया है लेकिन जल निकासी की व्यवस्था नहीं की है। नालियों को तालाब से नहीं जोड़ने के कारण सूरौठ पुलिस थाने एवं फिजीकल कॉलेज के पास मेगा हाईवे सड़क ने तालाब का रूप ले लिया है। थाने के पास सड़क में गहरे गड्ढे होने एवं गंदे पानी का जमाव होने के कारण आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बड़ा हादसा घटित हो सकता है।
सूरौठ में स्टेट मेगा हाईवे सड़क बनी तालाब, लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
By -
June 27, 2026
0
Tags: