जामसर/बीकानेर (मुकेश रामावत): जामसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों ट्रेलरों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों में घिर गए और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार जामसर के पास ट्रेलर संख्या HR-58D-2982 और ट्रेलर संख्या RJ-07-GD-7698 की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों ट्रेलरों में आग लग गई। हादसे में HR-58D-2982 में सवार संदीप जयंत उम्र 36 वर्ष निवासी चौरा, थाना नानौता देहात, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई, वहीं दोनों ट्रेलरों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोहम्मद इफहीम पुत्र मोहम्मद इब्राहिम उम्र 40 वर्ष निवासी बिलोचियान, थाना गढ़ी पुख्ता रूरल, जिला शामली, उत्तर प्रदेश तथा दिनेश विश्नोई पुत्र सहीराम विश्नोई, उम्र 33 वर्ष निवासी जेडी मगरा, थाना पांचू, जिला बीकानेर के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही जामसर थानाधिकारी रविंद्र कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एएसआई रामकेश मीणा, हेडकांस्टेबल मान सिंह सहित पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया तथा घटनास्थल का मौका-मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
जामसर हाईवे पर खौफनाक हादसा: दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जला युवक, दो चालक गंभीर घायल
By -
June 29, 2026
0
Tags: