टोंक (लालचंद माली): नेशनल हाईवे स्थित मोटूका के नायरा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में कथित मिलावट के गंभीर आरोप सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित मनराज गुर्जर ने दावा किया कि पेट्रोल भरवाने के कुछ ही मिनट बाद बरौनी पुलिया के पास उसकी बाइक अचानक झटके खाने लगी और कुछ देर बाद बीच रास्ते में बंद हो गई। पीड़ित मनराज गुर्जर के अनुसार, वाहन की जांच कराने पर मैकेनिक ने पेट्रोल में पानी जैसे पदार्थ की मौजूदगी की आशंका जताई तथा बाइक को ठीक करने के लिए खर्चा भी बताया। इसके बाद पीड़ित कथित रूप से पेट्रोल का नमूना बोतल में भरकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंचा और कर्मचारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं मामले में पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से अलग पक्ष सामने आया है। टेरिटरी मैनेजर विकास राय शर्मा ने कहा कि पेट्रोल में पानी की मिलावट होना संभव नहीं है। उनका कहना है कि वर्तमान में पेट्रोल में करीब 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित रहता है और यदि पानी की एक बूंद भी संपर्क में आती है तो रासायनिक प्रतिक्रिया की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। अब मामले में बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर बाइक खराब होने की वास्तविक वजह क्या रही। क्या ईंधन की गुणवत्ता में कोई तकनीकी समस्या थी या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पेट्रोल में मिलावट के आरोप से मचा हड़कंप: बाइक बीच रास्ते में बंद, पीड़ित बोला- टंकी से निकला पानी जैसा पदार्थ
By -
June 28, 2026
0
Tags: