निवाई (लालचंद माली): गाँव बुरियों का खेड़ा के राजकीय विद्यालय से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाले राजवीर जाट ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अब वे विश्व की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं में शामिल कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी बर्कली के अर्थशास्त्र विभाग में अध्यापन कार्य करेंगे।
यूएस न्यूज एंड वर्ल्ड रिपोर्ट के अनुसार बर्कली का अर्थशास्त्र विभाग अमेरिका में प्रथम स्थान पर माना जाता है। ऐसे विश्वस्तरीय संस्थान में अध्यापन का अवसर मिलना किसी भी शिक्षाविद् के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। राजवीर की सफलता इस बात का जीवंत उदाहरण है कि प्रतिभा कभी संसाधनों और परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गाँव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। राजवीर युवाओं को प्रेरित करते हुए कहते हैं कि माता-पिता ही जीवन के सबसे बड़े भगवान होते हैं और उनके संस्कार व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी छोटी सोच नहीं रखनी चाहिए। यदि सोच छोटी होगी तो बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा नहीं मिलेगी। इसलिए हमेशा बड़े सपने देखें, ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करते रहें।