255 प्रतिभाओं का ऐतिहासिक सम्मान: दूनी में शिक्षा, एकता और सामाजिक उत्थान का महाकुंभ, गूंजा युवा शक्ति का संकल्प

AYUSH ANTIMA
By -
0


टोंक (लालचंद माली): अखिल भारतीय माली समाज सेवा संस्थान टोंक के तत्वावधान में दूनी स्थित ओम पेराडाइज में पंचम सर्व माली समाज का जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह सामाजिक एकता, शिक्षा और प्रतिभा सम्मान का ऐतिहासिक महाकुंभ बन गया। जिलेभर से पहुंचे हजारों समाज बंधुओं, महिलाओं, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में शिक्षा, खेल, चिकित्सा, प्रशासन, तकनीकी, प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली 255 प्रतिभाओं का प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। समारोह के दौरान उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतिभाओं के सम्मान के समय पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करना तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाना रहा। मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व कृषि मंत्री डॉ.प्रभुलाल सैनी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी शिक्षा, एकता और मजबूत संगठन होता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ राजनीति, प्रशासन, न्याय पालिका, चिकित्सा और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। साथ ही महात्मा ज्योतिबा फुले और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न दिए जाने की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान भी किया। समारोह में माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, शोध, तकनीकी शिक्षा, सरकारी सेवाओं, खेल तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 255 प्रतिभाओं का सार्वजनिक मंच से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन गणेश तलाईच एवं गोविंद माली ने किया। आयोजन को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष महावीर प्रसाद माली के नेतृत्व में जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, भामाशाहों और समाजबंधुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के अंत में आयोजकों ने शिक्षा, संगठन, सामाजिक समरसता और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराते हुए सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!