कोटपूतली (ईशाक खान): विधायक आवास पर मंगलवार को विधायक हंसराज पटेल के मुख्य आतिथ्य में विदाई एवं उत्साहवर्धन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधायक पटेल ने आगामी 17 एवं 18 जून को जयपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में जिला कोटपूतली-बहरोड़ का प्रतिनिधित्व करने जा रही अंडर-18 छात्र एवं छात्रा वर्ग की टीमों को विधिवत् रूप से शुभकामनाएं देकर जयपुर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे सभी युवा खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाने के लिए उन्हें खेल पोशाक (स्पोर्ट्स किट) वितरित की गई। नई खेल पोशाक पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे और उनका उत्साह दोगुना हो गया। विधायक पटेल ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल में जीत-हार से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण खेल की भावना होती है। खिलाड़ियों को विदा करते हुए विष्वास जताया गया कि ये युवा खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी उत्कृष्ठ खेल प्रतिभा, कड़े अनुशासन और सच्ची खेल भावना के बल पर कोटपूतली-बहरोड़ जिले और अपने क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करेंगे। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि दोनों टीमें जयपुर में शानदार प्रदर्शन कर जिला स्तर की तरह राज्य स्तर पर भी अपनी सफलता का परचम लहरायेगी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष एड. रमेश रावत, राजवीर यादव, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कमल सैनी, समीर सिंह राठौड़ समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, खेल प्रशिक्षक एवं खिलाड़ियों के अभिभावक मौजूद रहे।
खेल में जीत-हार से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण खेल की भावना होती है: पटेल
By -
June 16, 2026
0
Tags: