कोटपूतली (ईशाक खान): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कस्बे के डाबला रोड़ स्थित राजकीय कन्या महाविधालय में सिंदूर स्मारक वाटिका में समाजसेवी रतनलाल शर्मा के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ.आरपी गुर्जर द्वारा विधिवत रूप से पौधा लगाकर की गई। प्राचार्य डॉ.गुर्जर ने कहा कि वृक्षों का महत्व हमारे वेद-शास्त्रों में भी विस्तार से अंकित है। उन्होंने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि हमने कोरोना काल के भीषण संकट के समय देखा कि जिन क्षेत्रों में वृक्षों की संख्या अधिक थी, वहाँ कोरोना का प्रभाव काफी कम रहा। डॉ.गुर्जर ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का श्रृंगार हैं और हमारे स्वस्थ जीवन का आधार स्वच्छ वातावरण है। इसलिए हर व्यक्ति को अपने आसपास के वातावरण को शुद्ध व स्वच्छ रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने चाहिए, ताकि समाज स्वस्थ रह सके और मानसिक तनाव से दूर रह सके। उल्लेखनीय है कि समाजसेवी रतनलाल शर्मा पिछले 10 वर्षों से लगातार पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान चला रहे हैं। अपने इस पुनीत संकल्प के तहत वे अब तक हजारों की संख्या में वृक्ष लगा चुके हैं। इस दौरान प्रो.विशंभर दयाल, प्रो.जगराम गुर्जर, प्रो.हंसराज पोसवाल, राजेश चौधरी, शिम्भू दयाल गुर्जर, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य शशि मित्तल, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार बंसल, दिनेश यादव, अशोक सैनी, अशोक गुर्जर एवं विक्रम सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहें।
3/related/default