निवाई (लालचंद माली): गांव झिलाय में स्थित श्री तैलोलाई बालाजी मन्दिर में संत प्रेमदास महाराज के सानिध्य में नव कुण्डात्मक नव दिवसीय श्रीराम हनुमंत महायज्ञ एवं शिव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसको लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सैलाब उमड़ पड़ा। कलश यात्रा को आचार्य पंडित राकेश कुमार मिश्रा के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना करके रवाना किया गया। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर मांगलिक कलश लेकर बैण्ड-बाजे के साथ रवाना हुई। इस दौरान बैण्ड-बाजे के मधुर भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर ठुमके लगाएं। कलश यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा करके स्वागत किया। कलश यात्रा गांव के मुख्य मार्गो से होते हुए मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा स्थल पहुंची, जहां आचार्य शास्त्री के सानिध्य में कलशों की स्थापना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंत्रोचारण के साथ हवन कुण्ड में आहुतियां दी। मंत्रोचारण व जय श्रीराम व हर हर महादेव के जयकारों से आस-पास का वातावरण गुंजायमान हो गया। मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन को लेकर आचार्य पंडित राकेश कुमार मिश्रा के सानिध्य में पंडित प्रदीप विजय, मनीष शर्मा, दिनेश शर्मा, कमलेश शर्मा, गणेश शर्मा व मुकेश शर्मा द्वारा मंत्रोचारण के साथ गणेश पूजन, मूर्ति स्नान, नवग्रह पूजन, मूर्ति धान्याधिवास, जलाधिवास, घृताधिवास, शर्कराधिवास, पुष्पाधिवास, नित्यार्चन, नवकुण्डीय यज्ञ हवन, मूर्ति अभिषेक, यज्ञ पूजन, भूमि, वेदी पूजन एवं जलशाभिषेक सहित कई धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच भंवर लाल यादव, रामेश्वर पोसवाल व बनवारी लाल यादव सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे। पंडित मनीष पारीक ने बताया कि महोत्सव को लेकर प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक कथा प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक महोत्सव 24 जून तक श्रद्धा और उल्लास के साथ चलेगा। महोत्सव के अंतिम दिन 24 जून को सायं 5 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति एवं सन्त विदाई का कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
झिलाय में नव कुण्डात्मक नव दिवसीय श्रीराम हनुमंत महायज्ञ एवं शिव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का हुआ शुभारंभ: कलश यात्रा में उमड़े श्रद्धालु
By -
June 17, 2026
0
Tags: