पावटा (राहुल शर्मा): अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की जागरूकता को लेकर शुक्रवार को राजकीय उप जिला अस्पताल, पावटा में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ.रवि बंसल के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग ऑफिसरों और कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
*योग गुरु ने सिखाए आसन*
शिविर में योग गुरु पूरणमल यादव ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवन शैली और दीर्घायु के लिए योग को जरूरी बताया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योग क्रियाओं, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। योग गुरु ने बताया कि नियमित योग से तनाव दूर होता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
*डॉक्टर-स्टाफ ने लिया लाभ*
इस अवसर पर डॉ.संतोष कुमार वर्मा, वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर जीतराम गुर्जर, दयाराम यादव, महेश चंद यादव, दिनेश स्वामी सहित अस्पताल के समस्त स्टाफ ने योगाभ्यास किया। सभी ने एक घंटे तक चले सत्र में सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी जैसे आसन किए।
*'रोज करें योग' का दिया संदेश*
पीएमओ डॉ.रवि बंसल ने कहा कि योग को सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए। भागदौड़ भरी जिंदगी में योग ही तन और मन को स्वस्थ रख सकता है। उन्होंने सभी से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग में भाग लेने की अपील की। शिविर के अंत में सभी ने 'रोज योग करें, निरोग रहें' का संकल्प लिया।