रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): सांचौर थाना क्षेत्र के गोलासन गांव स्थित हनुमान मंदिर में 9 जून की रात हुई चोरी की वारदात का खुलासा हो गया है। गुजरात पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.65 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार गुजरात के आगथला थाना पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर कमोडा-डेका मार्ग पर नाकाबंदी कर एक मोटरसाइकिल को रोका गया। जांच के दौरान दो युवकों के पास से चांदी के मुकुट एवं मंदिर में उपयोग होने वाले चांदी के छत्र बरामद हुए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गोलासन स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद गुजरात पुलिस ने सांचौर थाना पुलिस से संपर्क कर मामले की जानकारी साझा की। जांच में पुष्टि हुई कि इस संबंध में सांचौर थाने में पहले से प्रकरण दर्ज है। पुलिस के अनुसार बरामद चांदी के सामान का कुल वजन 3.904 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 5 हजार 728 रुपये है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। बरामद कुल माल का मूल्य 9 लाख 65 हजार 728 रुपये आंका गया है।
गुजरात पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। सांचौर पुलिस भी मामले में समन्वय बनाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।