रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजकीय खेल मैदान में ब्लॉक स्तरीय योग समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। जिला नोडल अधिकारी एवं उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग भवानी सिंह राजपुरोहित के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में "योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। योग प्रशिक्षक मुकेश कुमार जोशी, राजेश गाजन तथा सह प्रशिक्षक मोहनलाल सुथार और शैतान सिंह ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। आयुर्वेद चिकित्साधिकारी एवं ब्लॉक नोडल योगा डॉ.दिनेश कुमार ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा अनेक जटिल बीमारियों से बचाव संभव है। तहसीलदार हनवंत सिंह देवड़ा और शिक्षा विभाग के मनोहर लाल गोदारा ने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुकेश खंडेलवाल, रिडमल सिंह डाभी, वासुदेव, महेंद्र देवासी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं करीब 400 नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन स्वस्थ समाज और निरोगी भारत की कामना के साथ हुआ।
3/related/default