जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित, नशा मुक्त भारत अभियान के पोस्टर का विमोचन

AYUSH ANTIMA
By -
0



कोटपूतली: जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रमों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने नशा मुक्त भारत अभियान के पोस्टर का विमोचन करते हुये युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने पर बल दिया। बैठक में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिविरों में आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवायें उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जायें। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुये शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये। जिला कलक्टर ने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को रोगियों की समय पर पहचान, उपचार की सतत् निगरानी एवं जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में सभी संबंधित विभागों को गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। बैठक में यूडीआईडी (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने पेंडेंसी को शीघ्र समाप्त करने के निर्देश दिये। साथ ही नियमित टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुये शत्-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए पीसीटीएस, एचएमआईएस पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों और रिपोर्टिंग की स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न संकेतकों की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने एनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आईएफए सिरप, पिंक एवं ब्लू आयरन टैबलेट के वितरण एवं कवरेज की समीक्षा करते हुए शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा शाला दर्पण पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा। बैठक में लाड़ो प्रोत्साहन योजना, मां वाउचर योजना, जननी सुरक्षा योजना एवं अन्य स्वास्थ्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सीएमएचओ डॉ.आशीष सिंह शेखावत ने सभी बीसीएमओ को अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में फायर एनओसी, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही उनकी नियमित जांच एवं रखरखाव भी किया जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक में आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 28 जून को बूथ स्तर पर, 29 जून को घर-घर सर्वे एवं टीकाकरण तथा 30 जून को चिन्हित स्थानों पर विशेष गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जायेगी। जिला कलक्टर ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने तथा एक भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहने देने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को पूरी गंभीरता से लेते हुए हर वर्ग का सहयोग सुनिश्चित करें और इसे एक जन आंदोलन का रूप दें, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प मजबूत बना रहे। डीएनओ रविकांत जांगिड़ ने पीपीटी के माध्यम से सभी योजनाओं की संस्थावार प्रगति प्रस्तुत की। इस मौके पर स्टॉप डायरिया अभियान की जानकारी देते हुए बताया गया कि अभियान के तहत बच्चों में डायरिया की रोकथाम, ओआरएस एवं जिंक के उपयोग तथा स्वच्छता संबंधी व्यवहारों को बढ़ावा देने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जायेगी। जिला कलक्टर ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। बैठक में डिप्टी सीएमएचओ डॉ.प्रमोद सिंह भदौरिया व डॉ.जयभगवान यादव, आरसीएचओ डॉ.अरविंद अग्रवाल, पीएमओ बीडीएम जिला अस्पताल डॉ.पुष्कर राज गुर्जर, जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मीणा, बीसीएमओ, सीएचसी प्रभारी अधिकारी तथा स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!