निवाई (लालचंद माली): स्थानीय पुलिस थाना परिसर में मोहर्रम पर्व को लेकर थानाधिकारी घासीराम मीणा की अध्यक्षता में सीएलजी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था और शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। थानाधिकारी घासीराम मीणा ने कमेटी सदस्यों से मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली तथा आमजन से सहयोग की अपील की। बैठक में सीएलजी सदस्यों ने शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं और अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग रखी। थानाधिकारी मीणा ने कहा कि शहर के गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में लगे कई सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं, जबकि चालू कैमरों का रुख अक्सर केवल वाहनों की ओर रहता है, जिससे अपराधियों की पहचान करने में परेशानी आती है। उन्होंने लोगों से कैमरों को सही दिशा में सक्रिय रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध या अनजान व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके। साथ ही लोगों को अपने और पड़ोस में रहने वाले किरायेदारों के मूल दस्तावेज रखने की सलाह देते हुए कहा कि आजकल आसपास कौन रह रहा है और कौन आ-जा रहा है, इसकी जानकारी रखना जरूरी है।
साइबर अपराधों को लेकर भी उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि मोबाइल पर आने वाले ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को साझा न करें और न ही किसी अज्ञात व्यक्ति को अपना मोबाइल इस्तेमाल करने दें। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था और अवैध शराब बिक्री पर भी चर्चा हुई। थानाधिकारी ने कहा कि कई नाबालिग बच्चे तेज रफ्तार में तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चला रहे हैं, जो दुर्घटनाओं को न्योता देने जैसा है। उन्होंने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने और उन्हें नशे से दूर रखने की अपील की। साथ ही बताया कि पुलिस द्वारा मॉडिफाइड और तेज आवाज करने वाली बाइकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बैठक में मनोज पाटनी, शिवाजीलाल गुर्जर, सीताराम शर्मा, पांचू शर्मा, पीतांबर करनानी, डॉ.छोटूलाल मीणा, प्रेमप्रकाश मीणा, इमरान कुरेशी, गोपीलाल माली, इशाक मोहम्मद, संपत शर्मा, लालचंद बैरवा, राम अवतार मीणा, राजू शर्मा, बाबूलाल सैनी, श्योजलाल गुर्जर, सीपी मीणा, शंकरलाल सैनी, राजू मणियार सहित कई सीएलजी सदस्य एवं आमजन मौजूद रहे।