निवाई (लालचंद माली): निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को निवाई शहर पूरी तरह धर्ममय वातावरण में रंगा नजर आया। शहरभर में विभिन्न स्थानों पर धर्मप्रेमी लोगों ने ठंडाई, शरबत, फलों का रस और आम का ज्यूस वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। हजारों लीटर ठंडाई एवं शरबत पिलाकर लोगों की प्यास बुझाई गई और सेवा भाव का अनूठा उदाहरण पेश किया गया। शहर की कृषि उपज मंडी, वीर गुर्जर छात्रावास, बस स्टैंड स्थित शुभ मेडिकल स्टोर, थोक फल-सब्जी मंडी, आदित्य प्लाजा, शिवाजी कॉलोनी मोड़, न्यायालय परिसर सहित करीब दो दर्जन से अधिक स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए, जहां राहगीरों एवं आमजन को आग्रहपूर्वक ठंडाई और शरबत वितरित किया गया। इसके साथ ही सैकड़ों किलो तरबूज और आमों का भी वितरण किया गया। वहीं पशु प्रेमियों ने भी सेवा कार्य करते हुए सड़कों पर घूम रहे पशुओं को हरा चारा खिलाया। निर्जला एकादशी के अवसर पर चारभुजा नाथ मंदिर में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर पुजारी राजेश शर्मा ने पंचामृत अभिषेक के बाद भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया तथा दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं को केसर ठंडाई वितरित की गई। शहर के श्री राधा दामोदर मंदिर, श्री राधा गोपाल मंदिर, श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री राम-लक्ष्मण बड़ी मंदिर, गंगौरी बाजार स्थित श्री रघुनाथ मंदिर सहित सभी विष्णु स्वरूप मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया गया। पूरे शहर में भक्ति, सेवा और आस्था का माहौल देखने को मिला। बस स्टैंड स्थित शुभ मेडिकल स्टोर के बाहर आयोजित सेवा शिविर में पारीक समाज के जिलाध्यक्ष कमलेश पारीक ने कहा कि जिस प्रकार निर्जला व्रत में व्यक्ति जल की एक बूंद के बिना दिन बिताता है, उसी प्रकार मनुष्य को अपने जीवन से लोभ, क्रोध और अहंकार जैसे विकारों को भी दूर करना चाहिए। यह व्रत शरीर के साथ मन को भी शुद्ध करने का संदेश देता है। इस दौरान ओमप्रकाश प्रजापत, बृजमोहन अग्रवाल, फार्मासिस्ट अंजलि सैनी, सुरज्ञान चौधरी, मोहित सैनी, अंकित प्रजापत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
3/related/default