केंद्रीय मंत्री वैष्णव-मेघवाल ने बीकानेर से अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, सीमांत क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने पर जोर

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): रविवार को बड़ी रेल सौगात मिली। केंद्रीय रेल, सूचना प्रसारण व इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर रेलवे स्टेशन से बीकानेर-लालगढ़-अमदावाद साबरमती एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेल मंत्रालय राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर जिलों के गांवों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है। इसकी डीपीआर बनने सहित प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं। लालगढ़ से बीकानेर रेल लाइन का दोहरीकरण होगा और नाल से पालना तक रेलवे बाईपास बनने से शहर में मालगाड़ियों का आवागमन कम होकर यातायात सुगम और प्रदूषण कम होगा। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 1300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास हो रहा है। बीकानेर स्टेशन के पुनर्विकास के लिए जून में फिर टेंडर जारी होगा। राजस्थान में 76 हजार करोड़ के रेल विकास कार्य चल रहे हैं और इस साल राज्य को 10,228 करोड़ का बजट मिला है। प्रदेश में उद्योगों के लिए 24 मॉडल कार्गो गति शक्ति टर्मिनल बन रहे हैं, जिनमें बीकानेर के आसपास 6 शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर-अहमदाबाद सेवा हजारों यात्रियों के लिए लाभदायक होगी। उन्होंने बीकानेर-दिल्ली वंदे भारत के संचालन पर रेल मंत्री का आभार जताया और कहा कि कोटगेट व सांखला फाटक की समस्या समाधान की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। लगभग 740 किमी लंबी यह दैनिक ट्रेन साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, जालौर, जोधपुर, नागौर, नोखा, बीकानेर, लालगढ़ सहित 18 स्टेशनों पर रुकेगी। इससे गुजरात-राजस्थान के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री सुमित गोदारा, विधायक सिद्धि कुमारी, विश्वनाथ मेघवाल, जेठानंद व्यास, ताराचंद सारस्वत, उत्तर पश्चिम रेलवे GM अमिताभ, DRM गौरव गोविल सहित जनप्रतिनिधि और रेल अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!