बीकानेर: जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार 5 एलकेडी लूनखा गांव में खेत में बनी पानी की डिग्गी में गिरने से 47 वर्षीय गीता की मौत हो गई। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में प्रेमचंद पुत्र बीरबल सुथार निवासी 5 एलकेडी लूनखा ने बताया कि उनकी पत्नी गीता देवी सोमवार सुबह करीब 8 बजे खेत में मूंगफली की फसल को पानी लगा रही थी। खेत में बनी पानी की डिग्गी से पाइप के माध्यम से सिंचाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पाइप के साथ उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी की डिग्गी में जा गिरीं। हादसा इतना गंभीर था कि गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही छतरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छतरगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3/related/default