कोटपूतली (राहुल शर्मा): कोटपूतली क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में शनिवार देर रात एक पैंथर कैद हो गया। पैंथर के पकड़े जाने के बाद पिछले कई दिनों से दहशत में जी रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
*कई दिनों से था आतंक*
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के जंगलों से सटे गांवों में पिछले एक सप्ताह से पैंथर की आवाजाही देखी जा रही थी। पैंथर कई पालतू पशुओं का शिकार कर चुका था, जिससे किसानों और ग्रामीणों में डर का माहौल था। बच्चे और महिलाएं शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलने में भी घबरा रहे थे।
*वन विभाग ने लगाया था पिंजरा*
ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग की टीम ने इलाके में पिंजरा लगाया था। शनिवार देर रात पैंथर पिंजरे में रखे शिकार के लालच में फंस गया। सुबह सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पैंथर को कब्जे में ले लिया।
*सरिस्का भेजा जाएगा पैंथर*
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए पैंथर का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, इसके बाद उसे सरिस्का टाइगर रिजर्व या उपयुक्त वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ा जाएगा। पैंथर के पकड़े जाने की खबर से पूरे इलाके में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।