शाहपुरा/जयपुर (राहुल शर्मा): शाहपुरा उप जिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ (गायनी) डॉक्टर की नियुक्ति होने से क्षेत्र की हजारों महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी और संतोष का माहौल है।
*अब नहीं जाना पड़ेगा दूर-दराज*
अब तक शाहपुरा क्षेत्र की महिलाओं को प्रसव, गर्भावस्था और अन्य महिला संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए जयपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। समय और पैसे दोनों की बर्बादी के साथ कई बार मरीज की हालत भी गंभीर हो जाती थी। महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के बाद अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
*उपेन यादव के पत्र पर हुई कार्रवाई*
यह मामला तब चर्चा में आया जब भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रत्याशी उपेन यादव ने क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग को लेकर राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को पत्र लिखा था। सूत्रों के अनुसार, चिकित्सा मंत्री खींवसर ने पत्र पर तुरंत संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, इसके बाद शाहपुरा उप जिला अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गई।
*आमजन में संतोष का माहौल*
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नियुक्ति शाहपुरा उप जिला अस्पताल के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। क्षेत्र की महिलाओं को अब सुरक्षित प्रसव और समय पर इलाज की सुविधा घर के पास ही मिल जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने भी डॉक्टर की जॉइनिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि ओपीडी जल्द शुरू कर दी जाएगी।