झुंझुनूं स्टेशन पर दौड़ी वंदे भारत टॉय ट्रेन: नई रेल सेवाओं की मांग को मिला जनसमर्थन

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शेखावाटी क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और नई ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर बुधवार को झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पर एक अनूठा आयोजन किया गया। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति की ओर से स्टेशन परिसर में वंदे भारत एक्सप्रेस की तर्ज पर तैयार की गई टॉय ट्रेन का संचालन किया गया। पटरी पर दौड़ती वंदे भारत की आकर्षक प्रतिकृति को देखने के लिए बड़ी संख्या में यात्री और स्थानीय नागरिक स्टेशन पहुंचे। टॉय ट्रेन को देखकर लोगों ने उत्साह के साथ तालियां बजाईं और क्षेत्र में जल्द वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की मांग को दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रेलवे स्टेशन पर एकत्र होकर नई रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में विस्तार की मांग उठाई। इसके साथ ही रेल मंत्री के नाम एक 12 सूत्री मांग पत्र स्टेशन प्रबंधक संजीव कुमार को सौंपा गया। मांग पत्र में शेखावाटी क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से शामिल किया गया है। समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग है कि जयपुर-हरिद्वार-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन रींगस, सीकर, झुंझुनूं, लोहारू और दिल्ली मार्ग से प्रतिदिन किया जाए। उनका कहना था कि इस रेल सेवा के शुरू होने से शेखावाटी क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी जयपुर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क मिल सकेगा। मांग पत्र में मुंबई से संचालित दूरंतो एक्सप्रेस के सूरत और बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव की मांग भी की गई है। साथ ही इस ट्रेन में पांच अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया है ताकि यात्रियों को आरक्षण संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके। इसके अलावा बांद्रा-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने तथा इसका विस्तार लोहारू तक किए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है। समिति ने कुल 12 मांगों के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र में रेल सेवाओं के व्यापक विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में डॉ.मनोज सिंह, गणेश कुमार हलवाई, अनवर हुसैन, फैयाज अहमद खान, चंद्रप्रकाश धूपिया, श्रवण कुमार गोयनका, संजय बिलोटिया, सीए लोकेश अग्रवाल, कमल डालमिया, अली हसन परवेज, इमरान बड़गूजर, मोहम्मद मोहसिन अली सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

*कार्यकारिणी का हुआ विस्तार*

कार्यक्रम के दौरान समिति की कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया। महासचिव डॉ.मनोज सिंह ने मांगीलाल सेन को नगर मंडल प्रवक्ता, इमरान गूजर को शेखावाटी स्तरीय प्रवक्ता, मनीष बगड़िया को कोषाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की। वहीं भजन गायक रवि तुलस्यान और गीतकार जाकीर अब्बासी को समिति के सांस्कृतिक मंडल में मनोनीत किया गया। नव मनोनीत पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए समिति ने क्षेत्र के रेल विकास आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!