मनोहरपुर/जयपुर (ग्रामीण): भाजपा के पूर्व एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष रामावतार असवाल उर्फ पप्पू की हत्या के मामले में करीब 24 घंटे बाद प्रशासन और धरनार्थियों के बीच सहमति बन गई। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और परिजनों के बीच हुई वार्ता के बाद पांच सूत्रीय मांगों पर सहमति बनने के साथ ही धरना समाप्त कर दिया गया। सहमति के अनुसार पुलिस प्रशासन ने मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच दिन का समय मांगा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि गठित विशेष पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वार्ता के दौरान मृतक के परिवार को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सहमति के तहत मृतक रामावतार असवाल के पुत्र को जयपुर में संविदा पर नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी, साथ ही परिवार को डेयरी बूथ आवंटित करने के लिए मुख्यमंत्री के नाम प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से भी परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन ने अन्य मांगों पर भी नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। हत्या की घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठन और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मनोहरपुर थाने के बाहर धरने पर बैठे हुए थे। धरने में शाहपुरा विधायक मनीष यादव, भाजपा नेता उपेन यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लंबी वार्ता के बाद सहमति बनने पर धरना समाप्त किया गया। गौरतलब है कि मनोहरपुर बस स्टैंड के पास स्थित कबाड़ गोदाम में रामावतार असवाल का लहूलुहान शव मिला था। धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। मामले की जांच के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।
मनोहरपुर के जयपुर ग्रामीण भाजपा नेता रामावतार असवाल हत्या का मामला
By -
June 02, 2026
0
Tags: