नीमराना: नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से जारी गंभीर बिजली व्यवधान और कटौती की समस्या के समाधान के लिए बुधवार, 3 जून को रीको सभागार नीमराना में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विद्युत विभाग, रीको तथा प्रसारण निगम के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेकर विभिन्न विद्युत परियोजनाओं और समस्याओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक दोपहर 2 बजे आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता रीको नीमराना के वरिष्ठ महाप्रबंधक राहुल भट्ट करेंगे। बैठक में उद्योगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में इंडियन जोन में स्वीकृत 132 केवी पावर हाउस के निर्माण कार्य की प्रगति, जापानी जोन में नए 132 केवी पावर हाउस की स्थापना, कोलीला जोगा स्थित 33/11 केवी विद्युत स्टेशन के विधिवत संचालन, भूमिगत विद्युत लाइनों के निरीक्षण तथा शेष लाइनों को भूमिगत करने के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा इंडियन जोन फेज-2 में प्रस्तावित 33 केवी पावर हाउस परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कोटपूतली-बहरोड़ के अधीक्षण अभियंता एके बटवाडा, राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, अलवर के अधीक्षण अभियंता महिपाल यादव, रीको पावर जयपुर के अधीक्षण अभियंता सीएम शर्मा तथा राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, जयपुर के अधीक्षण अभियंता महेंद्र मुद्गल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। नीमराना इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल कौशिक ने बताया कि बैठक में नीमराना, बहरोड़ सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योगपति और उद्योग प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। उद्योग जगत को उम्मीद है कि इस महत्वपूर्ण बैठक से लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस निर्णय सामने आएंगे।
नीमराना में बिजली संकट पर मंथन आज, उच्च अधिकारियों के साथ होगी अहम समीक्षा बैठक
By -
June 02, 2026
0
Tags: