तेज अंधड़ ने बरसाया क्षेत्र में भारी तबाही का कहर

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): उपखण्ड मुख्यालय सहित क्षेत्र के अनेक गांवों में शनिवार की देर शाम आए भीषण अंधड़ सैंकड़ों पेड़ व विद्युत पोल धराशाही हो गए, जिससे पिछले दो दिनों से ग्रामीण इलाकों में बिजली पूरी तरह गुल है और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिजली संकट के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेज अंधड़ का सबसे ज्यादा असर ग्राम पंचायत सुनारा के दर्जनों गांवों में देखने को मिला, जहां पेड़ों व बिजली के खंभों के टूटने के साथ-साथ लोगों के घरों के चद्दर और छप्पर तक उड़ गए। नुकसान का जायजा लेने पहुंचे गिरदावर धोलूराम मीणा, पटवारी दिप्ती शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष केदार दोहण व सरपंच प्रतिनिधि गणेश शर्मा ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा में ग्रामीणों का भारी नुकसान हुआ है। अंधड़ के दौरान ग्रामीण भगवान जाट के कुएं पर लगी सौर ऊर्जा की 6 प्लेटें उड़ गईं। वहीं कजोड़ जाट, केदार जाट, कन्हैया लाल गुगड, रतन लाल जाट, गोपाल बैरवा, भंवर लाल बैरवा, हनुमान जमादार व हरिनारायण मीणा के घरों पर लगे टीन शेड हवा में उड़ गए। अंधड़ के कारण कई जगहों पर दीवारें ढहने से भी बड़ा नुकसान हुआ है। कजोड़ जाट के ट्रैक्टर पर दीवार गिरने से ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं गोपाल बैरवा के मकान की दीवार ढहने से मलबे में दबकर 4 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा भगवान जाट, कजोड़ जाट, रामकिशोर जाट और गोपाल लाल बैरवा के मकानों की दीवारें भी ढह गई। क्षेत्र के किसान जगदीश खोखर के खेतों में लगा करीब 10 लाख रुपए की लागत का नेट हाउस भी धराशाई हो गया। अंधड़ की चपेट में आने से क्षेत्र में सैंकड़ों भारी पेड़ जड़ से उखड़ गए, दो विद्युत डीपी एवं करीब दो दर्जन विद्युत पोल पूरी तरह जमींदोज हो गए। विद्युत बुनियादी ढांचा पूरी तरह तबाह होने के कारण पिछले दो दिनों से गांवों में बिजली की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!