तेंदुए की दहाड़ से थर्राया नारायणपुर, खेतों में कर्फ्यू जैसे हालात

AYUSH ANTIMA
By -
0


नारायणपुर (प्रदीप जांगिड़): बानसूर-नारायणपुर अंचल में तेंदुए के खूनी पंजों से किसान थर-थर कांप रहे हैं। खेतों में शाम ढलते ही कर्फ्यू जैसे हालात बन गए हैं। तेंदुए के आतंक और वन विभाग की तानाशाही से तंग आकर सोमवार को सैकड़ों आक्रोशित किसानों ने एसडीएम कार्यालय पर हल्ला बोल दिया। जमकर नारेबाजी कर नायब तहसीलदार अनिरुद्ध सिंह को एसडीएम दिनेश शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा गया। ग्रामीणों ने बताया कि नारायणपुर, गढ़ी, खरकड़ी, भोजपुरी, बामनवास, तुलसीवाडा समेत दर्जनों गांवों में तेंदुआ आदमखोर बन चुका है। आए दिन किसानों की गाय-भैंस-बकरियों को चीर-फाड़ रहा है, खेत खून से लाल हो रहे हैं, दूध का कटोरा छिनने से किसान कंगाल हो रहे हैं। महिलाओं-बच्चों का घर से निकलना दूभर हो गया है। शाम 6 बजे बाद पूरा इलाका दहशत में कैद हो जाता है। आक्रोशित किसानों ने आरोप लगाया कि तेंदुए के हमले में मरे मवेशियों का मुआवजा तो दूर, वन विभाग के बाबू फटीचर कागजों में उलझाकर रखते हैं। मुआवजे की फाइलें दफ्तरों में सड़ रही हैं और किसान भूखे मरने की कगार पर हैं। पशुपालन ही जीवन था, अब वो भी तेंदुए की भेंट चढ़ गया। किसानों का पारा तब सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब उन्होंने बताया कि वन विभाग ने पूरे इलाके को अपनी जागीर समझ लिया है। राजस्व रिकॉर्ड में पंचायत की जमीन पर भी कब्जे का बोर्ड लगा रहा है। चारागाह, श्मशान, स्कूल के रास्ते और नरेगा के काम तक पर रोक लगा दी। गांव का विकास तेंदुए और वन विभाग दोनों ने मिलकर रोक रखा है। ज्ञापन में किसानों ने 6 सूत्री मांगों के साथ दो टूक चेतावनी दी है की "तुरंत तेंदुए को पकड़ो, मरे मवेशियों का पूरा मुआवजा दो, वन विभाग की गुंडागर्दी बंद कराओ और जमीन का सीमांकन कराओ, वरना नेशनल हाईवे जाम करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। मौके पर समाजसेवी राकेश दायमा, ओमप्रकाश गुर्जर, मनोहर लाल योगी, रवि मीणा, ख्यालीराम, रामस्वरूप गुर्जर, पायलट गुर्जर, वीरेंद्र तंवर, रामजीलाल गुर्जर, मातादीन, सतवीर शेखावत, पूर्व पंचायत समिति सदस्य बनवारी लाल गुर्जर, पवन शेखावत, बलबीर शेखावत, संतोष सैनी, पूर्व संरपच रतन लाल सकरवाल, उप सरपंच, जगदीश गुर्जर, विक्रम मीणा, बनवारी लाल मीणा, किशोर सैनी, शिवलाल सैनी, महावीर वर्मा, मनोज सोलंकी, बंटी प्रजापत, गंगालाल वर्मा, रिंकू योगी गोकल सैनी, हरिराम सैनी, प्रभु खटीक, नवीन शेखावत, बिरजू सिंह शेखावत, मदन सैनी सहित सैकड़ो ग्रामीणों मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!