बीकानेर (मुकेश रामावत): बदलते मीडिया परिदृश्य में तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाने के लिए बीकानेर प्रेस क्लब ने एक अहम पहल की है। नोखा रोड स्थित बाफना स्कूल में रविवार को 'एआई एवं डिजिटल मीडिया' विषय पर चार घंटे की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ से लेकर युवा पत्रकारों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
*मोदी यूनिवर्सिटी के एक्सपर्ट ने दिए टिप्स*
बीकानेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया ने बताया कि कार्यशाला में मोदी यूनिवर्सिटी के संयुक्त डीन राहुल सिंह शेखावत मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने डिजिटल मीडिया का महत्व, गैप एनालिसिस, कंटेंट स्ट्रेटजी, एआई आधारित टूल्स, गूगल एल्गोरिदम, हिंदी फर्स्ट रणनीति, गूगल एनालिटिक्स, ऑडियंस इनसाइट्स और कैंपेन ट्रैकिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बारीकी से जानकारी दी। शेखावत ने न्यूज पोर्टल की ब्रांडिंग, लेआउट फोकस, पाठक की लाइफ टाइम वैल्यू, गूगल कीवर्ड प्लानर और ऑडियंस बिहेवियर को समझने के व्यावहारिक टिप्स भी साझा किए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारों के लिए एआई और डेटा को समझना खबर की गुणवत्ता और पहुंच दोनों के लिए जरूरी है।
*वरिष्ठ पत्रकारों ने बढ़ाया हौसला*
कार्यशाला में वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश पुगलिया, जैन लूणकरन छाजेड़, मोहन थानवी, राजीव हर्ष एवं नीरज जोशी मंचासीन रहे। 71 वर्षीय वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश पुगलिया की सक्रिय भागीदारी युवाओं के लिए प्रेरणा बनी। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया, महासचिव विशाल स्वामी, कोषाध्यक्ष गिरिराज भादाणी, पूर्व अध्यक्ष जयनारायण बिस्सा व अनुराग हर्ष सहित अन्य पत्रकारों ने मुख्य वक्ता राहुल सिंह शेखावत का स्मृति चिह्न व साफा पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन बलदेव रंगा ने किया। पत्रकार साथियों ने बाफना स्कूल के सीईओ डॉ.पीएस वोहरा का आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।