निवाई (लालचंद माली): शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसी सोच को साकार करते हुए पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहोली के प्रधानाचार्य डॉ.योगेन्द्र सिंह नरूका ने दो मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अनोखा पुरस्कार देकर प्रेरणादायी मिसाल पेश की। प्रधानाचार्य डॉ.नरूका ने बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तन्मय कुमार लोधी और चंद्रमोहन रैगर को जयपुर से नई दिल्ली तक हवाई यात्रा करवाई। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और एससीईआरटी का भ्रमण भी करवाया गया। प्रधानाचार्य डॉ.योगेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि छात्र तन्मय लोधी ने 95.50 प्रतिशत तथा चंद्रमोहन रैगर ने 93.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों से पहले किया गया वादा पूरा करते हुए यह विशेष पहल की गई। जयपुर हवाई अड्डे पर कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा ने भी विद्यार्थियों से मुलाकात की और प्रतिभावान छात्रों को अपने निजी खर्च पर हवाई यात्रा करवाने के लिए प्रधानाचार्य डॉ.नरूका की सराहना की।
विद्यार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि इतनी कम उम्र में उन्हें हवाई यात्रा करने का अवसर मिलेगा। हवाई जहाज में बैठने और आकाश की ऊंचाइयों को करीब से देखने का अनुभव उनके लिए जीवनभर की याद बन गया। अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी इस नवाचारी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करते हैं तथा उन्हें बड़े सपने देखने की प्रेरणा देते हैं।