नारायणपुर: उपखंड में सैन समाज के इतिहास में स्वर्णिम पन्ना जुड़ने जा रहा है। अखिल भारतीय गुदड़ी धाम चबूतरा के तत्वाधान में समाज का "प्रथम छात्र-छात्राओं का प्रतिभावान सम्मान समारोह" 8 जून को सुबह 10 बजे गुदड़ी धाम चबूतरा पर धूमधाम से आयोजित होगा। आयोजक कमेटी ने बताया कि कक्षा 10वीं व 12वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर समाज का मान बढ़ाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करने वाले भामाशाहों को भी इस मंच से सम्मानित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत व अशोक सैन सरना, पूर्व अध्यक्ष अखिल भारतीय नारायणी धाम प्रबंधन एवं विकास महासमिति रहेंगे। अध्यक्षता सैन विकास सेवा समिति अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद डॉ.नरेश कुमार सैन करेंगे।
समाज के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभाओं, भामाशाहों एवं समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।