83 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, किसानों में आक्रोश: मुख्यमंत्री के पुतला दहन की चेतावनी

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): कृषि उपज मंडी समिति निवाई में कथित अनियमितताओं और जांच में दोषी पाए गए अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। किसान महापंचायत पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की जांच रिपोर्ट में दोष सिद्ध होने के बावजूद अब तक निलंबन की कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किसानों ने मुख्यमंत्री राजस्थान को संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर टोंक के माध्यम से सौंपते हुए कहा कि कृषि उपज मंडी समिति निवाई के सचिव पर पद के दुरुपयोग, कथित रूप से "फर्जी पुलिस चौकी" बनवाने तथा अपने रिश्तेदार को टेंडर देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। किसानों का दावा है कि जिला कलेक्टर स्तर पर 26 मार्च 2026 को हुई जांच तथा क्षेत्रीय उपनिदेशक द्वारा भी मामले में रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जा चुकी है, लेकिन 83 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई लंबित है। किसानों का आरोप है कि जांच प्रक्रिया के दौरान ही "पुलिस चौकी" लिखे गए कमरे पर बाद में "पुलिस कैम्प" लिख दिया गया, जिससे पूरे मामले पर और सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि कार्रवाई में लगातार देरी न्याय व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न खड़ा कर रही है। किसान महापंचायत पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारी के विरुद्ध जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 30 जून को जिला मुख्यालय सहित गांव-गांव में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन से स्थान उपलब्ध कराने की भी मांग की है। वहीं जिला कलेक्टर टोंक से किसानों के मुद्दों पर बैठक आयोजित करने तथा उच्चाधिकारियों से संपर्क कर कार्रवाई करवाने का आश्वासन मिलने की जानकारी भी सामने आई है। किसानों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद पैदा करना नहीं, बल्कि न्याय दिलाना है और यदि समय पर कार्रवाई हो जाती है तो आंदोलन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!