रायसर राशन डीलर तारा कंवर पर 8.20 क्विंटल गेहूं गबन का केस दर्ज, पुलिस जांच शुरू

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): नापासर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रायसर स्थित उचित मूल्य की दुकान संचालिका तारा कंवर के खिलाफ राशन सामग्री में गड़बड़ी और गेहूं के गबन का मामला सामने आया है। प्रवर्तन अधिकारी बीकानेर ग्रामीण मनीष अवस्थी की रिपोर्ट पर नापासर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून को एफपीएस कोड-601 की दुकान का निरीक्षण किया गया था। POS मशीन में 23.34 क्विंटल गेहूं का स्टॉक दर्ज था, जबकि भौतिक सत्यापन में मौके पर सिर्फ 15.14 क्विंटल गेहूं ही मिला। इस प्रकार 8.20 क्विंटल गेहूं की कमी पाई गई, जिसे गबन माना गया। निरीक्षण के दौरान संचालिका तारा कंवर मौके पर मौजूद नहीं थीं। उनके पुत्र वीरेंद्र सिंह से पूछताछ की गई, लेकिन वे कमी को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। स्टॉक रजिस्टर, खाद्य सुरक्षा सूची, आवक-जावक बाउचर और मासिक विवरण जैसे जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। रिपोर्ट में बताया गया कि दुकान समय पर नहीं खुलती थी, उपभोक्ताओं को पर्ची नहीं दी जाती थी और अधिकांश समय दुकान बंद रहती थी। प्रवर्तन अधिकारी ने इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियमों, राजस्थान खाद्यान्न आदेश-1976 और लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन बताते हुए FIR दर्ज करने की अनुशंसा की थी। नापासर थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब राशन सामग्री के रिकॉर्ड और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!