जिले के 1 हजार 677 वरिष्ठ नागरिक रेलमार्ग से और 205 हवाईमार्ग से करेंगे धार्मिक स्थलों की यात्रा

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत इस बार जिले के 1 हजार 677 तीर्थयात्रियों को रेल मार्ग तथा 205 को हवाई मार्ग से विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। जिला स्तरीय चयन समिति के अध्यक्ष तथा जिला कलक्टर निशांत जैन ने मंगलवार को इसकी ऑनलाइन लाॅटरी निकाली। इस दौरान जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.पुखराज साध, कोषाधिकारी धीरज जोशी, एसीपी गौरव भाटिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला कलक्टर ने बताया कि इस बार प्रदेश के 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल मार्ग और 6 हजार को वायु मार्ग से निर्धारित स्थलों पर यात्रा करवाई जाएगी, वहीं जिले के 1 हजार 882 वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना के तहत यात्रा करवाई जाएगी। यात्रा कार्यक्रम का निर्धारण आगामी दिनों में किया जाएगा। जिला कलक्टर ने बताया कि इस बार हरिद्वार-ऋषिकेश-आयोध्या-वाराणसी-सारनाथ, सम्मेद शिखर-पावापुरी-वाराणसी-सारनाथ, मथुरा-वृंदावन-बरसाना-आगरा-अयोध्या, द्वारकापुरी-नागेश्वर-सोमनाथ, तिरूपति-पद्मावति, कामाख्या-गुवाहाटी, गंगासागर-कोलकाता, जगन्नाथपुरी-कोणार्क, रामेश्वरम्-मदुरई, वैष्णोदेवी-अमृतसर-वाघा बोर्डर, गोवा के मंदिर एवं अन्य स्थल चर्च आदि, महाकालेश्वर, उज्जैन-ओंकारेश्वर-त्रयम्बकेश्वर-घृष्णेश्वर-एलोरा, बिहार-शरीफ, श्री हूजुर साहिब, नांदेड़, महाराष्ट्र और पटना बिहार की यात्रा रेलमार्ग से करवाई जाएगी। वहीं हवाई जहाज द्वारा पशुपतिनाथ-काठमांडू (नेपाल) की यात्रा करवाई जाएगी। देवस्थान विभाग निरीक्षक श्रीमती सोनिया रंगा ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश के मूल निवासी वरिष्ठ नागरिकों (60 साल या अधिक आयु के व्यक्ति) को उनके जीवन काल में एक बार निर्धारित तीर्थ स्थानों में से किसी एक स्थान पर पूर्णतया निःशुल्क यात्रा करवाने की यह योजना वर्ष 2013 से चलाई जा रही है। वर्ष 2016 से इसमें हवाई यात्रा को सम्मिलित किया गया। गत वर्ष सभी वरिष्ठ नागरिकों को वातानुकूलित रेलगाड़ी में यात्रा करवाई गई। सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि चूरू जिले की लॉटरी बुधवार को चूरू कलेक्ट्रेट में निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि यह योजना पूर्णतया निःशुल्क है। इसमें चयन के लिए किसी प्रकार का कोई शुल्क नही लिया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील है कि इसके लिए किसी को किसी प्रकार का शुल्क नहीं दें। किसी भी जानकारी के लिए देवस्थान विभाग के कार्यलय या ईमेल पर सम्पर्क किया जा सकता है। इस दौरान महेश शर्मा, गोपाल आचार्य, रितेश श्रीमाली और संदीप सहित देवस्थान विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!