खाली ट्रॉली को 8 टन बजरी बताकर फर्जी मुकदमा दर्ज करने का लगाया आरोप

AYUSH ANTIMA
By -
0

निवाई (लालचंद माली): बरौनी थाना पुलिस की फर्जी कार्यशैली को लेकर ट्रैक्टर चालक ने पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा को ज्ञापन सौंपा है। चतरपुरा निवासी जयसिंह पुत्र गुमान ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि पत्थर खाली करके लौट रहे उनके खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने जब्त कर फर्जी तरीके से 8 टन बजरी परिवहन का मामला दर्ज कर दिया है। परिवादी जयसिंह ने बताया कि वह बौंली क्षेत्र की पत्थर खदानों से पत्थर ढुलाई का कार्य कर परिवार का पालन-पोषण करता है। 25 मई को वह धनेरा बौंली में स्थित खदान से वैध रवन्ना लेकर पत्थर भरकर ककराज के लिए रवाना हुआ था। 27 मई को सुबह ककराज में पत्थर खाली करने के बाद वह खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली को सडक़ किनारे खड़ा कर कुछ दूरी पर नदी की ओर चला गया। इसी दौरान बरौनी थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया और थाने ले गई। बाद में उसमें 8 टन बजरी भरी होना दर्शाते हुए मामला दर्ज कर लिया। परिवादी ने बताया कि बजरी से उसका किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है और वह केवल रवन्ना शुदा पत्थरों की ढुलाई करता है। उसने बताया कि ट्रॉली पूरी तरह खाली थी तथा उसमें केवल पत्थरों के छोटे अवशेष मौजूद थे। परिवादी ने बताया कि उसने बरौनी थाने पर जब्त खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के वीडियो व फोटो भी बनाए है। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी बात नहीं सुनी और विरोध करने पर उसे डांटकर थाने से भगा दिया गया। पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, बरौनी थाना के संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने एवं झूठे प्रकरण से राहत दिलाने की मांग की है। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच करवा कर जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!