जौला में खसरा 690 पर प्रशासन का बड़ा एक्शन आज, भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में हट सकता है अतिक्रमण

AYUSH ANTIMA
By -
0


पीपलू (लालचंद माली): ग्राम जौला के विवादित खसरा नंबर 690 पर आम ग्रामीण रास्ते को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। प्रशासन द्वारा 30 जून को विवादित स्थल पर पत्थर गढ़ी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने की संभावना है। संवेदनशील माने जा रहे इस मामले को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहने की तैयारी की गई है। जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 690 की सीमा पर स्थित ग्रामीण आम रास्ते पर कथित कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पर किए गए अवैध कब्जे के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में प्रशासन इस मामले के स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले 24 जून को प्रशासन ने मौके पर पत्थर गढ़ी का कार्य शुरू कराया था, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते कार्रवाई को बीच में ही रोकना पड़ा था। स्थानीय स्तर पर विरोध की स्थिति बनने के कारण उस दिन कार्य अधूरा रह गया था। अब प्रशासन ने दोबारा तैयारी करते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सूत्रों के अनुसार इस बार न केवल पत्थर गढ़ी का कार्य पूर्ण कराया जाएगा, बल्कि रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित पक्षों को शांतिपूर्ण तरीके से कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया है। इस कार्रवाई को लेकर पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!