नोखा/बीकानेर (मुकेश रामावत): नशे के सौदागरों पर बीकानेर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चल रहे 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत नोखा थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात मोहनपुरा में बड़ी कार्रवाई कर 58 ग्राम स्मैक बरामद की। मौके से आरोपी रामस्वरूप बिश्रोई को भी गिरफ्तार किया गया।
*609 पुटियों में छुपाकर रखी थी स्मैक*
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहनपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में स्मैक की बिक्री हो रही है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मोहनलाल के नेतृत्व में टीम ने मकान पर दबिश दी। तलाशी में कमरे से 609 छोटी-छोटी पुटियों में भरी स्मैक मिली। सभी पुटियों को इकट्ठा कर वजन किया गया तो कुल 58 ग्राम निकली। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
*ऐसे चल रही थी सप्लाई*
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी छोटे-छोटे पैकेट बनाकर नशे की सप्लाई करता था। पुलिस अब यह पता कर रही है कि ये खेप कहां से लाई गई और नोखा में किन-किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।
*टीम में रहे ये शामिल*
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक मोहनबीलाल, हेड कांस्टेबल सतीश, मोहर सिंह, कांस्टेबल पवन व संजय शामिल थे।
एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि 'ऑपरेशन नीलकंठ' लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।